--------------------------------------------
नोबेल पुरस्कार के जनक की कहानी
-----------------------------------------------
अल्फ़्रेड नोबेल डायनामाइट के आविष्कारक थे (बोफ़ोर्स कम्पनी भी अल्फ़्रेड नोबेल ने ही आरम्भ की थी)। नोबेल ने डायनामाइट बना कर खूब पैसा कमाया। इस विस्फ़ोटक ने खदानों के उत्पादन में क्रांतिकारी बढोतरी की थी। लेकिन जैसा कि अक्सर होता है... इस फूल के साथ कांटे भी थे। डायनामाइट का प्रयोग हथियारों में भी होने लगा... खुद नोबेल ने बोफ़ोर्स को एक स्टील उत्पादक कम्पनी से बदल कर एक तोप-निर्माता कम्पनी बना दिया। नोबेल के डायनामाइट ने नोबेल पर पैसा और पूरे संसार पर मौत बरसानी शुरु कर दी।
एक बार किसी ने अखबार में जानबूझ कर नोबेल की मृत्यु के बारे में लिख दिया। लोग चाहते थे कि लोगों को मारने की बजाय नोबेल खुद ही मर जाएँ। इससे दुखी होकर और अपने ऊपर से "मौत का सौदागर" का ठप्पा हटाने की कोशिश में नोबेल ने अपनी सारी सम्पदा को नोबेल पुरस्कार के लिए दान कर दिया। उन्होनें अपनी वसीयत में लिखा कि इस सम्पदा के ब्याज से ऐसे लोगों को नोबेल पुरस्कार दिए जाएँ जो मनुष्य जाति के लिए सर्वाधिक लाभदेय कार्य करे। आरम्भ में नोबेल पुरस्कार भौतिकी, रसायन शास्त्र, मेडिसिन, साहित्य और शांति के लिए दिए जाते थे। बाद में इस सूची में अर्थशास्त्र को भी शामिल कर दिया गया। प्रत्येक पुरस्कार में करीब सात करोड़ रुपए दिए जाते हैं -- संयुक्त रूप से पुरस्कृत लोगों के बीच यह राशि बराबर बाँट दी जाती है।
नोबेल ने कभी विवाह नहीं किया। उनके पास 350 से भी अधिक पेटेंट्स थे। नोबेल ने सेकेण्डरी स्कूल की शिक्षा भी प्राप्त नहीं की थी लेकिन फिर भी उन्होने स्विडिश, फ़्रेंच, रूसी, अंग्रेज़ी, जर्मन और इटालियन में महारत हासिल की थी।
नोबेल पुरस्कारों की शुरुआत 10 दिसम्बर 1901 को हुई थी। उस समय रसायन शास्त्र, भौतिक शास्त्र, चिकित्सा शास्त्र, साहित्य और विश्व शांति के लिए पहली बार ये पुरस्कार दिया गया था। इस पुरस्कार की स्थापना स्वीडन के सुप्रसिद्ध वैज्ञानिक और डायनामाइट के आविष्कारक डॉ अल्फ्रेड नोबेल द्वारा 27 नवम्बर 1895 को की गई वसीयत के आधार पर की गई थी। 10 दिसम्बर, 1896 को इटली के सेनरमो शहर में नोबेल की मृत्यु हो गई। अल्फेड की 92,00,000 डॉलर की संपत्ति विज्ञान और साहित्य में अच्छे कार्य करने वालों लोगो को दी जाती है। इसे ही नोबेल पुरस्कार के नाम से जाना जाता है।
अल्फ़्रेड नोबेल का जन्म 21 अक्टूबर 1833 में और मृत्यु 10 दिसम्बर 1896 में हुई l